त्योहारों के मद्देनज़र बुरहानपुर में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य चौराहों से हटाया गया सड़क किनारे का अतिक्रमण



बुरहानपुर। त्योहारों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा व्यापारियों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश भी दी गई।

यह कार्रवाई शहर के मुख्य चौराहे से प्रारंभ होकर जय स्तंभ, मंडी चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक, कमल चौक, शिवकुमार प्रतिमा और चौपाटी क्षेत्र तक की गई। अभियान के दौरान अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा किया गया तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।

पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश और नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश बारवाल और उनकी टीम ने पुलिस बल एवं नगर निगम अमले के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान हाथ ठेला लगाकर व्यापार करने वाले छोटे व्यापारियों को भी अपने ठेले व्यवस्थित तरीके से लगाने की समझाइश दी गई, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें और सड़कों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई में सहयोग करने की भी अपील की गई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post