निर्माल्य संग्रहण कर ताप्ती नदी को स्वच्छ रखने की पहल करने वाले शांतीलाल बारी का सम्मान



बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं ताप्ती नदी को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से राजपुरा क्षेत्र में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के समाजसेवी शांतीलाल बारी को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शांतीलाल बारी पिछले दो वर्षों से निरंतर शहर के मंदिरों एवं घरों से निकलने वाले निर्माल्य (पूजन सामग्री) को एकत्रित करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके इस प्रयास से लोगों को निर्माल्य ताप्ती नदी में प्रवाहित करने से रोका जा रहा है, जिससे नदी को प्रदूषित होने से बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। उनकी यह पहल ताप्ती नदी के संरक्षण एवं शुद्धिकरण की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायक और समाज के लिए अनुकरणीय है।

ताप्ती सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के इस उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री शांतीलाल बारी को सम्मान पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की गई तथा समाज के अन्य लोगों से भी इस प्रकार की पहल करने की अपील की गई।

इस कार्यक्रम में ताप्ती सेवा समिति की अध्यक्ष सरिता भगत, उपाध्यक्ष प्रेमलता सांकले, सचिव धर्मेंद्र सोनी, उपाध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान एवं संरक्षक राजीव खेड़कर सहित समिति के सदस्य एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post