बुरहानपुर। आगामी त्योहारों एवं रमजान माह को दृष्टिगत रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के मुख्य चौराहे से प्रारंभ होकर जय स्तंभ, मंडी चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक एवं कमल चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश बारवाल एवं उनकी टीम ने पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को हटवाया गया तथा भविष्य में अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई। आमजन एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और सड़कों पर सामान रखकर आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें।
इसके अतिरिक्त, अस्त-व्यस्त रूप से खड़े एवं नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
इस कार्रवाई में यातायात थाना से सहायक उपनिरीक्षक श्री अजीत जाट, श्री सिकदार देवड़ा तथा आरक्षक रेनसिंह एवं राजेश उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Tags
बुरहानपुर समाचार

