बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर के तत्वावधान में माँ ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा दिनांक 21 फरवरी 2026, शनिवार को बुरहानपुर नगरी में प्रवेश हुई। यह पावन पदयात्रा 2 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश के बैतूल जिले स्थित ताप्ती नदी उद्गम स्थल, मुलताई से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ प्रारंभ होकर महाराष्ट्र एवं गुजरात के विभिन्न तीर्थस्थलों से होते हुए सूरत तक पहुँची तथा पुनः वापसी मार्ग से बुरहानपुर पहुँची।
यात्रा नए अंजड़ से प्रारंभ होकर लोनी, बहादरपुर, इंदिरा कॉलोनी रोड, लक्ष्मी नगर, राजपुरा गेट, पांडुमल चौराहा होते हुए राजघाट ताप्ती नदी तट पहुँची। वहाँ विधि-विधान से माँ ताप्ती की पूजा-अर्चना एवं भव्य आरती संपन्न हुई। तत्पश्चात यात्रा शनि मंदिर, सिटी थाना, लोहार की गली, ढोलीवाड़ा, बुधवार चौराहा, सिंधीपुरा गेट होते हुए रोकड़िया हनुमान मंदिर पहुँची, जहाँ विश्राम किया गया।
यात्रा के संयोजक श्री राजू पाटणकर का स्वागत बुरहानपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती माधुरी पटेल द्वारा किया गया। राजघाट पर आयोजित आरती कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष श्रीमती अनीता अमर यादव ने माँ ताप्ती की आरती की। माँ ताप्ती घाट पर निरंतर सफाई एवं सेवा कार्य करने वाले नाविक सदाशिव शिंदे का भी निगम अध्यक्ष द्वारा सम्मान किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी श्री बलराज नवानी ने फकीरा महाराज तथा श्री विजय राठौर द्वारा तपन महाराज का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रतिनिधि अतुल पटेल, अमर यादव, अजय राठौर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर रही। कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश भगत द्वारा किया गया एवं अंत में आभार प्रदर्शन श्री धर्मेंद्र सोनी बलराज नवानी ने किया।
ताप्ती सेवा समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिक्रमा यात्रा माँ ताप्ती के प्रति श्रद्धा, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश लेकर चल रही है। बुरहानपुर में यात्रा के भव्य स्वागत से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
Tags
बुरहानपुर समाचार
