बुरहानपुर/12 फरवरी, 2026/- विश्व यूनानी दिवस के उपलक्ष्य में एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत बुधवार को ग्राम जैनाबाद में निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढ़वाल ने बताया कि, आयोजित शिविर में 152 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कर उन्हें औषधियों का लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर सुप्रजा कार्यक्रम अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य का भी परीक्षण हुआ एवं उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही वायुमित्र कार्यक्रम के तहत वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच कर विशेष देखभाल भी सुनिश्चित की गई।
विदित है कि, विश्व यूनानी दिवस प्रत्येक वर्ष 11 फरवरी को महान चिकित्सक, शिक्षाविद् एवं स्वतंत्रता सेनानी हकीम अजमल खान की जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा मनाया जाता है। चिकित्सा शिक्षा एवं भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के संवर्धन में इनका योगदान अतुल्यनीय है।
शिविर में डॉ. एजाज अनवर, डॉ. भावना पाटिल, वसीम बेग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य द्वारा सहयोग किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं आमजनों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी है।
Tags
बुरहानपुर समाचार