लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय वीर बाल दिवस का भव्य आयोजन सम्पन्न
बाल अधिकार, सुरक्षित स्पर्श और किशोर न्याय पर बच्चों को जागरूक कर अधिकार सम्पन्न बनाने की सराहनीय पहल
दतिया @Medicalsansarnews.com>>>>>>>>>>>>>>>> भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मार्गदर्शन में भविष्य की नींव माने जाने वाले बच्चों में देशभक्ति, साहस, अधिकारों की समझ और सामाजिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल, दतिया में राष्ट्रीय वीर बाल दिवस का भव्य एवं सार्थक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों की प्रतिभा, विचारशीलता और जागरूकता को मंच प्रदान किया गया।राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा बाल अधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सहभागिता कर अपनी विचार अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया।
इनकी गरिमामयी उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामजीशरण राय (सदस्य, बाल कल्याण समिति), विशिष्ट अतिथि संतोष तिवारी (सदस्य, बाल कल्याण समिति) एवं भगवतशरण शर्मा (विशेष किशोर पुलिस इकाई) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राशिद खान (डायरेक्टर, लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल) ने की।
आयोजित कार्यक्रम में बाल अधिकारों पर विस्तृत मार्गदर्शन मुख्य अतिथि रामजीशरण राय सदस्य बाल कल्याण समिति (प्रथमश्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट शक्ति प्राप्त न्यायपीठ) ने बच्चों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों, सुरक्षित स्पर्श–असुरक्षित स्पर्श, तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को निडरता के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में उचित मंच तक अपनी आवाज को बुलंदी से पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल हितैषी दतिया के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान भी किया। विशिष्ट अतिथि संतोष तिवारी ने बाल कल्याण समिति के गठन, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समिति संकटग्रस्त बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं भगवत शरण शर्मा ने विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की भूमिका और बच्चों की सुरक्षा में पुलिस की जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान,कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ द्वारा पूछे गए प्रश्नों का अतिथियों ने सहज, संवेदनशील और प्रेरक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इससे बच्चों में कानून, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर विश्वास और जागरूकता बढ़ी।
विद्यालय प्रशासन की सराहनीय पहल
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राशिद खान ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता आधारित कार्यक्रमों का सतत आयोजन किया जाएगा, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों की सक्रिय सहभागिता की प्रशंसा की। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, वीर बाल दिवस एवं बाल अधिकार विषय पर आयोजित भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने साहस, बलिदान, अधिकारों की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य सार्थक हुआ।
प्रमुख रूप से इनकी रही सहभागिता
इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक आशना खान, प्राचार्य नसरीन खान, स्टाफ सदस्य सुमन रावत, शिवानी सोनी, तबस्सुम खातून, सोनाली कुशवाहा, समीर खान, सोनाली प्रजापति, चाँदनी कुशवाहा, कल्पना राजावत, नैंसी सरगैयाँ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम संबंधी जानकारी रामजीशरण राय, सदस्य बाल कल्याण समिति दतिया द्वारा दी गई।राष्ट्रीय वीर बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के भीतर साहस, जागरूकता और अधिकारों के प्रति समझ विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्य नसरीन खान ने व आभार व्यक्त आशना खान समन्वयक लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल ने किया।