बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति द्वारा विश्व धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिले में नशा मुक्ति के क्षेत्र में विगत दो दशकों से निस्वार्थ सेवाएं दे रहे वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. मनोज अग्रवाल को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. अग्रवाल लगभग 20 वर्षों से न केवल जिले में, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी नशा मुक्ति के लिए जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्हें कई सरकारी विभागों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा उनके सेवाभावी कार्यों के लिए पूर्व में भी सम्मानित किया जा चुका है।
वे शैक्षणिक संस्थानों, समुदायों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच नशा न करने की शपथ दिलाकर जनचेतना का कार्य कर रहे हैं।
उनका नशा मुक्ति केंद्र प्रतिदिन नशाग्रस्त व्यक्तियों को निःशुल्क परामर्श प्रदान करता है। ताप्ती सेवा समिति सदैव समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत व्यक्तियों का सम्मान करती रही है और उसी कड़ी में इस वर्ष डॉ. अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य मंसूर सेवक ने कहा, "मैं पिछले 20 वर्षों से डॉ. मनोज अग्रवाल को नशा मुक्ति के क्षेत्र में लगातार कार्य करते देख रहा हूँ। उनका समर्पण अनुकरणीय है।" समाजसेवी प्रेमलता सांकले ने कहा, "डॉ. अग्रवाल द्वारा बच्चों और युवाओं को दी जाने वाली समझाइश बहुत ही प्रभावशाली होती है। वे स्वेच्छा से नशा छोड़ने का संकल्प लेते हैं।"
अत्ताउल्लाह खान ने डॉ. अग्रवाल के साथ सेवाकार्य में जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे उनकी कार्यशैली से अत्यंत प्रभावित हैं। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत ने कहा, "डॉ. साहब का सरल स्वभाव और समाज सेवा के प्रति उनकी लगन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।"
कार्यक्रम में डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा, "ताप्ती सेवा समिति द्वारा मिला यह सम्मान मेरे लिए गर्व का विषय है और इससे मुझे और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।"
कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ सदस्य श्री राजेश भगत ने किया तथा आभार श्री विजय राठौड़ द्वारा व्यक्त किया गया।
Tags
बुरहानपुर समाचार