बुरहानपुर। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में नया खुलासा हुआ है। इस मामले में पहले हिरासत में लिए गए नाबालिग की कोई भूमिका नहीं थी, बल्कि असली आरोपी शहर का ही यश शाह निकला। उसने नाबालिग के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी।
नाबालिग से रंजिश के चलते रची साजिश
एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि यश शाह को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले यश का नाबालिग से विवाद हुआ था, जिससे वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने नाबालिग को फंसाने के लिए यह साजिश रची।
गौरतलब है कि घटना की रात करीब सवा दस बजे बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाने पहुंच गए थे, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बन गई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।
नाबालिग के साथ मारपीट करने पर चार लोगों पर केस दर्ज
इस घटना के बाद कुछ लोग बाई साहब की हवेली क्षेत्र में नाबालिग के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों पर नामजद केस दर्ज किया है, जबकि 200 अन्य को सह-आरोपी बनाया गया है।
एसपी पाटीदार ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
Tags
बुरहानपुर समाचार

