बुरहानपुर में 17 दुकानदारों पर जुर्माना: डस्टबिन नहीं रखने पर कार्रवाई, नियमों के पालन की अपील

बुरहानपुर नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सोमवार को विशेष अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देश पर सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने अपनी टीम के साथ बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और हाथ ठेला व्यवसायियों द्वारा गंदगी फैलाने के मामले सामने आए, जिसके चलते 17 दुकानों पर कुल 4500 रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें, ताकि कचरा इधर-उधर न फैले।

सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पॉलीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक के भंडारण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग न रखने वालों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा थूकने, पालतू कुत्तों को खुले में घुमाने, खुले में गंदगी करने और जल स्रोतों में कचरा फेंकने जैसी गतिविधियों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमों का पालन करें। इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य सुपरवाइजर विजय राय, सरदार अनिल सेहरिया समेत निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post