बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने विजयादशमी पर्व के अवसर पर शनिवार को बुरहानपुर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हर्ष फायर किया गया।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सृष्टि देशमुख, सीएसपी गौरव पाटील, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, बलराज नावानी, नरहरि दीक्षित, किशोर शाह पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
श्रीमती चिटनिस ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा इस वर्ष से दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की ऐतिहासिक परंपरा में जनप्रतिनिधियों सहित जन जन को जोड़ने की अच्छी शुरूआत की गई है, इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी को बधाई देती हूं। शस्त्र पूजन वास्तव में हमारी संस्कृति है। शस्त्र पूजन हमारी संस्कृति में हमेशा से ही रहा है। हम मां की आराधना के बाद शक्ति अर्जित करते हुए समाज में फैली दुरावस्थाओं को समाप्त करने के लिए शस्त्र पूजन करते हैं। आज मैंने शस्त्र पूजन के साथ समाज, पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मैं सभी से आह्वान करती हूं कि वे समाज, प्रकृति की रक्षा करने का संकल्प लें। हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम ने समाज के आततायियों को समाप्त करने के लिए शस्त्र उठाया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने शस्त्र पूजन की जो परंपरा शुरू की है, उससे समाज के सभी लोग जुड़ें। श्रीमती चिटनिस ने विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। विजयादशमी पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर अभूतपूर्व विजय का उत्सव है, जो हमें हर तरह की बाधाओं के बावजूद कर्तव्य पथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
Tags
बुरहानपुर समाचार