बुरहानपुर। प्राकृतिक आपदा के कारण बुरहानपुर जिले में केला सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा था। किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने सहित अन्य विषयों को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मनोज लधवे ने भोपाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द किसानों के खातों में मुआवजा राशि डलवाया जाएगा। संभवतः एक सप्ताह के भीतर ही मुआवजा राशि का वितरण होगा।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल को जिले में तेज हवा, आंधी, बारिश के कारण करीब 3500 किसानों का करीब 3 हजार हेक्टेयर रकबा प्रभावित हुआ है। 1500 से अधिक किसान ऐसे हैं जिनका करीब 1500 हेक्टेयर रकबा 50 फीसदी नुकसान के दायरे में आया है। करीब 17 करोड़ रूपए मुआवजा बना है, लेकिन यह मुआवजा अभी किसानों के खातों में जमा नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा-एक सप्ताह के भीतर मुआवजा राशि किसानों के खातों में जमा होने की उम्मीद है।
संगठनात्मक और प्रशासनिक विषय पर भी चर्चा
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मनोज लधवे ने बताया मुख्यमंत्री से संगठनात्मक और प्रशासनिक विषयों को लेकर भी चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि जिले में जहां जहां भी सरकारी विभागों में पद रिक्त हैं, उसे भरने की प्रक्रिया चालू कराई जाए। जिला अस्पताल में एनेस्थिसिया विशेषज्ञ की भर्ती की मांग भी रखी गई है।
Tags
बुरहानपुर समाचार