बुरहानपुर। भारत अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर केंद्र सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया है। शनिवार 13 अगस्त को साईं कोचिंग क्लासेस और गुरुकुल पब्लिक स्कूल द्वारा इंदिरा कॉलोनी से एक कदम देश के साथ तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
तिरंगा रैली इंदिरा कॉलोनी स्थित बुरहानपुर पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजस्थानी भवन के पास समाप्त हुई। रैली के दौरान कोचिंग के छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति नारे लगाए। इस दौरान रैली में डीजे पर देश भक्ति गीतों पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। जगह-जगह लोगों को तिरंगा वितरित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने बताया कि रैली से लोगों में जागरूकता पैदा हो रही है जो राष्ट्र हित के लिए बहुत जरूरी है। रैली में नवनिर्वाचित महापौर माधुरी अतुल पटेल ने कहा ‘‘तिरंगा उत्सव देश के आदर्शों और आकांक्षाओं का जश्न है।’’ उन्होंने सभी लोगों से इस अभियान में शामिल होने और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
युवा नेता हर्षवर्धन सिंह चौहान ने कहा आजादी का अमृत महोत्सव जन-जन का अभियान बन चुका है और हम सब सौभाग्यशाली हैं कि इसके साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली और गौरवशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। आज पूरा देश आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों का स्मरण कर रहा है।''
इस दौरान पार्षद विनोदराव पाटिल, प्रवीण शहाणे, सौरभ पाटिल, मोहिनी शहाणे, अर्चना शर्मा, माधवी सोनवने, नंदा पाटिल, सुनीता शर्मा सहित स्कूल एवं कोचिंग की छात्र-छात्राए मौजूद रही।
Tags
बुरहानपुर समाचार