बुरहानपुर। नगर निगम के ठेका कर्मचारियों की बीते तीन दिन से जारी हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। ठेकेदार ने कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया है। साथ ही पीएफ की बकाया राशि का भुगतान भी कर दिया गया है।
निगमायुक्त एसके सिंह से गुरुवार को कर्मचारी मिले थे। उनसे चर्चा के बाद हड़ताल समाप्ति की घोषणा की गई। ज्ञात हो कि कर्मचारियों को साढ़े तीन माह का वेतन नहीं मिलने और बीते 11 माह से पीएफ की राशि जमा नहीं कराए जाने के कारण करीब सात सौ ठेका कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इनमें सबसे ज्यादा करीब पांच सौ सफाई कर्मचारी थे। जिसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि आगे से कर्मचारियों को तय तिथि पर वेतन का भुगतान कराया जाएगा। उनकी पीएफ की राशि भी नियमित जमा कराने की व्यवस्था की जा रही है।
Tags
बुरहानपुर समाचार