कल सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी मतगणना , नेपानगर विधानसभा की मतगणना 27 राउण्ड एवं बुरहानपुर विधानसभा की मतगणना 32 राउण्ड में संपन्न होगी


बुरहानपुर/1 नवम्बर, 2021/-28-खण्डवा संसदीय क्षेत्र में समाविष्ठ विधानसभा क्षेत्र-179 नेपानगर एवं विधानसभा क्षेत्र-180 बुरहानपुर की आज मतगणना शासकीय जीजामाता पॉलीटेक्निक कॉलेज में संपन्न होगी। प्राप्त जानकारी अनुसार मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारंभ की जायेगी।  
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बुरहानपुर जिले में मतगणना के लिए मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये है। जिसमें नेपानगर विधानसभा क्षेत्र-179 हेतु श्री विनोद कुमार तथा बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र-180 हेतु मतगणना पर्यवेक्षक श्री पुष्पराज सिंह को नियुक्त किया गया है। मतगणना पर्यवेक्षकों ने मतगणना स्थल पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने मतगणना संबंधी तैयारियों से पर्यवेक्षकों को अवगत कराया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री के.आर.बडोले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नेपानगर श्री प्रखर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।  
कलेक्टर एवं जिला अधिकारी श्री प्रवीण सिंह के निर्देशानुसार मतगणना हेतु विभिन्न अधिकारियों/कर्मचारियों को कार्य दायित्व सौंपे गये है। प्रातः 6 बजे मतगणना स्थल पर समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया है। विधानसभा क्षेत्र-179 नेपानगर एवं विधानसभा क्षेत्र-180 बुरहानपुर के लिए 2-2 कक्षों में मतगणना होगी। जहां नेपानगर विधानसभा की मतगणना 27 राउण्ड एवं बुरहानपुर विधानसभा की मतगणना 32 राउण्ड में संपन्न होगी। प्रत्येक टेबल पर गणना हेतु सुपरवाईजर, माईक्रो आब्जर्वर एवं गणना सहायक की ड्यूटी लगाई गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post