बुरहानपुर - बुरहानपुर की लालबाग पुलिस ने लग्जरी कार से गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है।
इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक बुरहानपुर का व दो डोंबीवली के रहने वाले हैं।
आरोपितों के पास से 51800 रुपये कीमत का 7 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। तस्करी के लिए उपयोग की गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल व 1400 रुपये नकद मिलाकर कुल 5 लाख 53 हजार 200 रुपये का मसरूका जब्त किया गया है।
तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर देर शाम न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने बताया कि मुखबिर मिली सूचना के आधार पर लालबाग थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले व उनकी टीम ने शनिवार को महाराष्ट्र जाने वाले रावेर मार्ग पर नाकाबंदी कर कार क्रमांक एमएच 05 डीके 3593 को रोका था। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से गांजा बरामद हुआ। कार में जाहिर पुत्र उमर शा निवासी सिंधीबस्ती पठानवाड़ी बुरहानपुर, मयूर पुत्र मधुकर जड़ाकर निवासी दत्त नगर डोंबीवली मुंबई व किरण पुत्र हरशद राय निवासी तुकाराम नगर डोंबीवली मुंबई सवार थे।
पुलिस अधीक्षक ने मादक पदार्थ को पकड़ने वाली टीम-थाना प्रभारी लालबाग राजेंद्र इंगले, एसआई अजय सिंह चौहान, राजललन तिवारी, आरक्षक सतीष पटेल, मनोज चौहान, लालसिंह, प्रकाश खरते और चालक सावन आर्से को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।