आज के समय मिलावटी दूध और असली दूध में फर्क समझ पाना बेहद मुश्किल है, और यह मिलावटी नकली दूध, आपकी सेहत को बहुत बुरी तरह से प्रभावित कर सकता है। इससे बचने के लिए आपको नकली दूध को पहचानना बहुत जरूरी है।
अब इस मिलावटी दूध को आखिर कैसे पहचाना जाए...? आइये ये कुछ टिप्स हैं, जो मिलावटी दूध को पहचानने में आपकी मदद करेंगे -
1. दूध में पानी की जांच - सबसे पहले दूध में पानी की मिलावट को परखने के लिए किसी लकड़ी या पत्थर पर, दूध की एक या दो बूंद गिराइए। अगर दूध बहकर नीचे की तरफ गिरे और सफेद निशान बन जाए तो दूध पूरी तरह से शुद्ध है।
2. दूध में डिटर्जेंट - दूध में डिटर्जेंट की मिलावट को पहचानने के लिए, दूध की कुछ मात्रा को एक कांच की शीशी में लेकर जोर से हिलाइए। अगर दूध में झाग निकलने लगे तो इस दूध में डिटर्जेंट मिला हुआ है। अगर यह झाग देर तक बना रहे, तो दूध के नकली होने में कोई संशय नही है।
3. दूध में यूरिया की पहचान - सिंथेटिक दूध में अगर यूरिया मिला हुआ है, तो वह गाढ़े पीले रंग का हो जाता है।
4. स्वाद से नकली दूध की पहचान - स्वाद के मामले में असली दूध हल्का-सा मीठा स्वाद लिए हुए होता है, जबकि नकली दूध का स्वाद डिटर्जेंट और सोडा मिला होने की वजह से कड़वा हो जाता है।
5. नकली दूध कैसे पहचानें - दूध को देर तक रखने पर, असली दूध अपना रंग नहीं बदलता है। जबकि दूध अगर नकली है, तो वह कुछ समय बाद पीला पड़ने लगेगा।
6. उबाल कर करें असली दूध की पहचान - असली दूध को उबालने पर उसका रंग बिल्कुल नहीं बदलेगा, लेकिन नकली दूध का रंग उबलने पर पीला हो जाएगा।
7. दूध की गंध से करें पहचान - दूध को सूंघकर देखें। अगर दूध नकली है, तो उसमें साबुन की तरह गंध आएगी और अगर दूध असली है, तो उसमें इस तरह की गंध नहीं आती।
8. सिंथेटिक दूध की पहचान - अगर आपको लगता है कि दूध सिंथेटिक है तो इसकी पहचान भी आसानी से की जा सकती है। सिंथेटिक दूध को हथेलियों के बीच रगड़ें यदि यह साबुन जैसा लगे तो यह सिंथेटिक दूध हो सकता है।
9. हाथों से रगड़ कर करें पहचान - दूध को दोनों हाथों में लेकर रगड़कर देखें। अगर दूध असली है, तो सामान्य तौर पर चिकनाहट महसूस नहीं होगी। लेकिन अगर दूध नकली है, तो इसे रगड़ने पर बिल्कुल वैसी ही चिकनाहट महसूस होगी, जैसी कि डिटर्जेंट को रगड़ने पर होती है।
10. दूध में स्टार्च का परीक्षण - अगर आपको लगता है कि दूध में स्टार्च की मिलावट है तो इसके लिए दूध में कुछ बूदें आयोडीन टिंचर या आयोडीन सॉल्यूशन की डालें, यदि दूध का रंग नीला हो जाए तो इसका मतलब दूध मिलावटी है।

