रेलवे ने देशभर में पंद्रह राज्यों को 27 हजार छह सौ टन तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति का रिकॉर्ड बनाया है। आक्सीजन एक्सप्रेस ने अपना सफर 45 दिन पहले 24 अप्रैल को महाराष्ट्र में ऑक्सीजन की आपूर्ति के साथ शुरू किया था। रेल मंत्रालय ने कहा है कि विभिन्न राज्यों को चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति से राहत पहुंचाने की यात्रा निरंतर जारी है। अभी तक तीन सौ 92 ऑक्सीजन एक्सप्रेस अपनी यात्राएं पूरी कर चुकी हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस से उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना, पंजाब, केरल, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, झारखंड और असम को चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा चुकी है।
रेलवे पश्चिम में हापा, बड़ौदा और मुंदरा तथा पूर्व में राउरकेला, दुर्गापुर, टाटानगर और अंगुल से ऑक्सीजन ले कर विभिन्न राज्यों को आपूर्ति कर रहा है।