जिले में 21 जून से कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान होगा प्रारंभ, अभियान के तहत 15 हजार लोगों को लगेगा टीका


बुरहानपुर -18 जून, 2021- जिले में आयोजित इस टीकाकरण महाअभियान के लिये कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह के निर्देशन में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।

यह महाअभियान 21 जून 2021 से निर्धारित लक्ष्य अनुसार निरंतर चलता रहेगा। 

टीकाकरण नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत CEO सुश्री अदिति गर्ग के अनुसार 21 जून को बुरहानपुर जिले में 15 हजार नागरिकों का टीकाकरण किया जायेगा तथा महाअभियान के लिए लगभग 110 टीकाकरण केन्द्र बनाये जा रहे है। जिसमें 20 टीकाकरण केन्द्र शहरी क्षेत्र एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किये जायेगे।

कलेक्टर ने वैक्सीनेशन स्थल पर साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं।
यथासंभव स्वल्पहार की व्यवस्था स्थानीय नगरीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत जन समुदाय के सहयोग से की जाये। 

वैक्सीनेशन केन्द्र स्थल पर रंगोली, गुब्बारे आदि के माध्यम से उत्सवी वातावरण निर्मित किया जाये। 
बुर्जुग नागरिकों एवं दिव्यांगजन को वैक्सीनेशन केन्द्र पर लाने हेतु साधन की भी यथासंभव व्यवस्था की जाये।

प्रत्येक वैक्सीनेशन केन्द्र पर समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा वैक्सीन उत्प्रेरक के रूप में प्रातः 10 बजे वैक्सीनेशन महाअभियान का शुभारंभ किया जायेगा। इस हेतु उनके द्वारा वैक्सीनेशन स्थल पर महापुरुष की तस्वीर पर माल्यापर्ण कर दीप प्रज्जवलन किया जायेगा। 

जागृति हेतु वैक्सीन लगवाने वाले नागरिक को शपथ दिलायी जायेगी। 
जिला स्तर पर एक कन्ट्रोल रूम की स्थापना की जायेगी। प्रत्येक चार से पाँच वैक्सीनेशन केन्द्रों के ऊपर एक वाहनयुक्त जोनल अधिकारी नियुक्त किये जा रहे हैं। 

उक्त अधिकारी वैक्सीनेशन महाअभियान की समस्त गतिविधियों का पर्यवेक्षण अपने प्रभार के केन्द्रों पर निरंतर भ्रमण कर करेंगे। 

पर्यवेक्षण हेतु नियुक्त जोनल अधिकारी निरंतर जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगे एवं प्रत्येक घंटे पर रिपोर्ट देंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post