सरकार कोविड महामारी के कारण प्रत्येक ट्रांसजेंडर को डेढ़ हजार रुपए की सहायता उपलब्‍ध कराएगा

नई दिल्ली - सरकार ने कोविड महामारी को देखते हुए प्रत्‍येक ट्रांसजेंडर व्‍यक्ति को डेढ़ हजार रुपये की सहायता तुरंत उपलब्‍ध कराने का फैसला किया है। सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्री ने बताया कि इस आर्थिक सहायता से ट्रांसजेंडर समुदाय को अपनी दैनिक ज़रूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए काम कर रहे एनजीओ और सामुदायिक संगठनों से सरकार की इस पहल के बारे में जागरुकता फैलाने को कहा गया है। देश इस समय कोविड महामारी से जूझ रहा है और लॉकडाउन के कारण ट्रांसजेंडर समुदाय की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई है। ट्रांसजेंडर समुदाय आधार और बैंक खाते जैसे वि‍वरण उपलब्‍ध कराने के बाद इस सहायता के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए राष्‍ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्‍थान की वेबसाइट पर उपलब्‍ध आवेदन फार्म भरना होगा। यह संस्‍थान सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्रालय का स्‍वायत्‍त निकाय है।

मंत्रालय ने ट्रांसजेंडर व्‍यक्तियों की मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल के लिए हैल्‍पलाइन नम्‍बर भी जारी किया है। यह नम्‍बर है - 8882-1338-97
इस नम्‍बर पर सोमवार से शनिवार परामर्श सेवाएं उपलब्‍ध हैं। मंत्रालय ने सभी राज्‍यों के प्रधान सचिवों को पत्र लिखा है जिसमें यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि टीकाकरण केंद्रों में ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ कोई भेदभाव न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post