एमपी सरकार ने जारी की गाइडलाइन - 5 प्रतिशत से कम और 5 प्रतिशत से ज्यादा संक्रमण वाले जिलों के लिए अलग-अलग गाइड लाइन


भोपालमुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 01 जून से प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। अनलॉक के संबंध में मंत्री समूहों द्वारा दी गई अनुशंसाओं को सभी क्राइसिस मैनेजमेंट समूहों को भिजवा दिया गया है। इन पर  30 मई को शाम तक सभी क्राइसिस मैनेजमेंट समूह चर्चा कर अनलॉक प्रक्रिया के संबंध में निर्णय लेकर 31 मई को जन-सामान्य को अवगत करा देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 5% से अधिक संक्रमण वाले तथा 5% से कम संक्रमण वाले जिलों के लिए अनलॉक की पृथक-पृथक गाइड लाइन होगी। प्रदेश के इंदौर, भोपाल, सागर तथा मुरैना जिलों में 5% से अधिक संक्रमण है। यदि कही भी संक्रमण बढ़ता है तो प्रतिबंध पुन: लागू किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के विरूद्ध लड़ाई को प्रदेश में जन-आंदोलन बनाना है। मास्क लगाने, दूरी रखने, बार-बार हाथ साफ करने आदि को अपने जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना होगा।

घूमने न दें एक भी संक्रमित व्यक्ति को

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए कि एक भी संक्रमित मरीज बाहर न घूमे। अधिक से अधिक टेस्टिंग कर हर मरीज की पहचान करनी है तथा हर कोविड मरीज को होम आइसोलेशन, कोविड केअर सेंटर में रखना है तथा जरूरत होने पर अस्पताल में इलाज करना है। 

किल कोरोना अभियान-4 चलता रहेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किल कोरोना अभियान चालू रहेगा। सर्दी, जुकाम, खाँसी आदि के मरीजों की पहचान कर उन्हें नि:शुल्क मेडिकल किट देकर इलाज प्रारंभ किया जाएगा। 

टीकाकरण के प्रति जागरूकता पैदा करनी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण कोविड के विरूद्ध सुरक्षा चक्र का कार्य करता है। टीकाकरण के प्रति सभी भ्रान्तियों को दूर कर जागरूकता पैदा करें। 

कंटेनमेंट जोन  बनाएं

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संक्रमण अनुसार रेड, ग्रीन एवं यलो जोन बनाए जाएं तथा उसके अनुसार प्रतिबंध लागू रहें। दो या चार घरों पर भी माइक्रो कंटेनमेंट  जोन बनाए जा सकते हैं। 




Post a Comment

Previous Post Next Post