कलेक्टर-एस पी का शेखापुर, मोहनगढ़, पांगरी, तुकईथड़ एवं चेकपोस्टों का आकस्मिक निरीक्षण...ग्रामीणजनों से चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली

बुरहानपुर - जिला प्रशासन लगातार अपनी कार्ययोजना में बदलाव कर कोरोना नियंत्रण के लिए प्रयासरत है। जिले में कोरोना के मामले निरंतर बढ़ रहे है। वहीं गत दिवसों में नेपानगर के विभिन्न क्षेत्रों में हुई मृत्यु के कारणों की जांच करने एवं मैदानी स्तर पर वस्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए आज कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा ने नेपानगर अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र शेखापुर, मोहनगढ़, पांगरी, तुकईथड़ एवं चेकपोस्टों का आकस्मिक निरीक्षण सूक्ष्मता के साथ किया।  
खकनार तहसील के शेखापुर गांव में वस्तुस्थिति एवं अन्य गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा ने उपस्थित ग्रामीणजनों से चर्चा की।
उन्होंनंे कोरोना नियंत्रण को प्राथमिकता पर रखते हुए वस्तुस्थिति को समझते हुए 7 दिवस के लिए शेखापुर गांव की संबंधित गली को सील करने, फीवर क्लीनिक संचालित करने तथा कोरोना के प्रति ग्रामीणजनों को जागरूक करने तथा आवश्यक तैयारी करने के निर्देश संबंधितों को दिये।
उन्होंने मोहनगढ़, पांगरी गांव तथा तुकईथड़ चेकपोस्टो का भी निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नेपानगर श्री दीपक चौहान, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री टेमने सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post