खंडवा। रामेश्वर नगर के मां नवचंडी गेट स्थित सांई धाम मंदिर में आठवें स्थापना दिवस पर दो दिवसीय विभिन्न धार्मिक आयोजन के साथ ही भजनों की सुंदर प्रस्तुति हुई। यह जानकारी देते हुए सांई भक्त गुरूचरनसिंह सलूजा एवं निर्मल मंगवानी ने बताया कि क्षेत्रवासी सांई भक्तों के सहयोग से स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर श्री सांई संध्या के दौरान खंडवा के प्रसिद्ध भजन गायक सतीश बाथम साथी कलाकारों व्दारा सांई भजनों की सुंदर संगीतमय प्रस्तुतियां दी गयी जिसमें साईं भक्तगण जमकर झूमे। इस दौरान एक विशाल केक काटा जाकर स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
मुख्य दिवस रविवार को प्रात: 6 बजे पंडित प्रबल दीक्षित एवं पंडित श्रीकांत दीक्षित विधि मंत्रों के मध्य सांई बाबा की मूर्ति को पंचामृत स्नान करवाया गया। प्रात: 9 बजे हवन यज्ञ एवं दोपहर 12 बजे महाआरती पश्चात प्रसादी का वितरण हुआ। इस दौरान हर्षदीप सलूजा, विशालसिंह ठाकुर, निर्मल मंगवानी, निखिल रघुवंशी, राजू सेन, दीपक बाथम आदि सहित आसपास के नगरों से आए साईं भक्तगणों ने दाल बाफला एवं नुक्ती प्रसादी प्राप्त की।