पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पाटिल के आग्रह पर कलेक्टर ने हाईवे की साइड पटरियों का भराव करने के लिए दिए निर्देश

बुरहानपुर। इंदौर-इच्छापुर हाईवे की साइड पटरियां गहरी हो जाने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वाहन चालकों की इस समस्या से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कलेक्टर श्री प्रवीणसिंह को अवगत कराया। कलेक्टर ने तुरंत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भराव करवाने के निर्देश दिए।
गुरूवार को कलेक्टर को श्री पाटिल ने पत्र सौंपा। श्री पाटिल ने कलेक्टर को बताया इंदौर-इच्छापुर हाईवे की साइड पटरियां गहरी हो जाने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताप्ती पुल से लेकर उतावली नदी पुल तक शहर के बीच से हाईवे निकला है। कई जगह पर साइड पटरियां गहरी होने के कारण दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है। एक दिन में हाईवे से लगभग 5 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। शहर में यातायात का दबाव अधिक रहता है। कई बार वाहन चालकों को वाहन रोड से नीचे उतारने की नौबत आती है। वापस रोड पर वाहन चढ़ाने में परेशानी बढ़ जाती है। बाइक चालक साइड पटरियां गहरी होने के कारण फिसलकर घायल हो जाते हैं। दूसरी ओर रेणुका माता मंदिर के पास से कलेक्टोरेट कार्यालय तक बने फोरलेन पर भी कई तकनीकी खामियां है। 
मोहम्मदपुरा फोरलेन पर रेडियम रिफलेक्टर, स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
श्री पाटिल ने मोहम्मदपुरा रोड की कमियों को बताया। उन्होंने कलेक्टर को बताया मोहम्मदपुरा फोरलेन पर कई खामियां है। स्ट्रीट लाइट, रेडियम रिफलेक्टर, सांकेतिक बोर्ड नहीं है। इस कारण रात में वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हो रही है। इससे दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है। कलेक्टर ने इसमें सुधार करवाने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post