बुरहानपुर - पहले आम आदमी का बजट से कोई लेना देना नहीं हुआ करता था। ज्यादा से ज्यादा हम यह देखते थे कि कोई नई ट्रेन चालू हुई कि नहीं या फिर टैक्स का स्लैब कितना कम ज्यादा हुआ। इससे ज्यादा कुछ नहीं देखते थे, लेकिन अब केंद्र की मोदी सरकार ऐसा बजट पेश किया जिसमें आमजन को जोड़ा है। पूरे देश में ग्रामीण विकास हो या आम गरीब उसकी भी चिंता करने का काम पीएम ने किया है।
यह बात खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा ने गुरूवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने इस बार पेश किए गए बजट की जानकारी देते हुए कहा कि यह आम आदमी के लिए काफी लाभदायक साबित होगा।
जन्म से पूर्व और मृत्यु के बाद तक की योजनाओं को मप्र और केंद्र की सरकार लागू कर रही है। हमारे देश में मात्र 40 फीसदी शौचालय होते थे आज 98 प्रतिशत हैं। आवास प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता था। कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि उसका पक्का मकान बनेगा। परंतु आज शहरी क्षेत्र में भी पक्का मकान देने की योजना कारगर हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसी के यहां गैस कनेक्शन होता था तो यह माना जाता था किया तो वह पहुंच वाला व्यक्ति है या कोई बड़ा आदमी। परंतु अब ऐसा नहीं होता।
गैस कनेक्शन गरीब आदमी की कल्पना से बाहर होता था। सरकार ने महिलाओं के नाम उज्जवला गैस सिलेंडर दिए। एक करोड़ महिलाओं को जो किसी न किसी कारणों से छूटी थीं उन्हें भी इस बजट में लिया है। बजट हर साल आते हैं, लेकिन इस बार बजट पेपरलेस रहा। यह बजट आत्मनिर्भर भारत का बजट है। जिसमें प्रत्येक आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे, विपुल कानगो सहित अन्य मौजूद थे।
Tags
बुरहानपुर समाचार