देश में कोविड से स्‍वस्‍थ होने की दर बढ़कर 94.37 प्रतिशत हुई

नई दिल्ली - कोरोना से संक्रमण मुक्‍त होने की दर बढकर 94 दशमलव तीन-सात हो गई है। इसके साथ ही देश ने  कोरोना के विरूद्ध संघर्ष में एक और महत्‍वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। पिछले 9 दिन से, नये मामलों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्‍या ज्‍यादा बनी हुई है। अब तक 91 लाख से ज्‍यादा लोग कोरोना से मुक्‍त हो चुके हैं। लगभग एक महीने से प्रतिदिन पॉजिटिव मामलों की संख्‍या 50 हजार से कम रह रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 36 हजार नये मामलों का पता चला है और लगभग 42 हजार लोग स्‍वस्‍थ हुए हैं।

देश में कोरोना के मरीजों की संख्‍या 4 दशमलव 2 प्रतिशत से कम के स्‍तर पर बनी हुई है। इस समय कोरोना के 4 लाख 3 हजार 248 रोगियों का इलाज चल रहा है जो अब तक सामने आए कोरोना के कुल मामलों का महज 4 दशमलव एक-आठ प्रतिशत है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के लगभग 75 प्रतिशत मामले दिल्‍ली, महाराष्‍ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और राजस्‍थान सहित 10 राज्‍यों के हैं।  स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं के विस्‍तार, उपचार के मानदंडों को लागू किए जाने और चिकित्‍साकर्मियों तथा कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण कोरोना से मुक्‍त हो रहे लोगों की संख्‍या लगातार बढ़ रही है और मृत्‍यु दर घट रही है। देश में कोरोना से मृत्‍यु की दर एक दशमलव चार-पांच प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड से 482 लोगों की मौत हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post