टीकाकरण अभियान के सफल संचालन के लिये मिशन संचालक, एनएचएम द्वारा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का डाटाबेस तैयार कर लिया गया है। लगभग 4 लाख स्वास्थ्यकर्मी (शासकीय एवं प्रायवेट) चिन्हित कर लिये गये हैं। प्रदेश में कार्यरत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े एमबीबीएस, बीडीएस, स्टाफ नर्स (बीएससी नर्सिंग), एएनएम, फार्मासिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) आदि वैक्सीनेटर के रूप में चिन्हित किये जा रहे हैं।
जिला स्तर पर कलेक्टर और ब्लॉक स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में टॉस्क फोर्स का गठन किया जा चुका है। यह टॉस्क फोर्स प्रति सप्ताह कोविड-19 टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करेगी। अभियान को गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिये राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश के लगभग 2500 कोल्ड-चेन हेण्डलर, टेक्नीशियन का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही समस्त चिकित्सा अधिकारियों का एईएफआई प्रशिक्षण विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से पूर्ण हो चुका है। भारत शासन से प्राप्त गाइड-लाइन के अनुसार समस्त गतिविधियां युद्ध-स्तर पर सम्पन्न की जा रही हैं, सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये सभी स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित कर ली गयी हैं।