खंडवा - सिंधी समाज दशहरा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला रावण दहन का पारंपरिक आयोजन इस वर्ष नहीं होगा।
यह निर्णय सिंधी समाज के पदाधिकारियों द्वारा लिया गया।श्री पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि अध्यक्ष श्री गेहीराम सीतलानी ने कोरोना महामारी के वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए उक्त आशय का प्रस्ताव रखा,जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति प्रदान करते हुए निर्णय लिया कि विजयादशमी पर्व पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं रखा जाएगा।उल्लेखनीय है कि खंडवा में विगत 67 वर्षों से सिंधी समाज दशहरा उत्सव समिति द्वारा पारिवारिक दशहरा मिलन एवं रावण दहन का भव्य आयोजन नेहरू स्कूल प्रांगण में किया जाता है।रंगारंग आतिशबाजी का हजारों की संख्या में दर्शकों द्वारा आनंद लिया जाता है,और विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन भी अतिथि के रूप में आयोजन को चार चांद लगाते हैं।वर्तमान परिस्थिति में शासकीय नियमावली का पालन करते हुए भव्य आयोजन सम्भव नहीं है,अतः आयोजन को विराम देने का अंतिम निर्णय लिया गया है।श्री पूज्य सिंधी पंचायत के गोपालदास पमनानी,मोहन दीवान,अनिल आरतानी,श्याम हेमवानी,मुकेश चंचलानी,नरेंद्र कुमार लधानी,शत्रुघ्न वासवानी,मनोज गेलानी,कमल नागपाल,महेश चंदवानी,राम वासवानी,किशोर लालवानी और मनोहरलाल संतवानी आदि ने उक्त निर्णय को जनहित और समाजहित में बताते हुए सहमति प्रदान की।