खंडवा (शेख़ आदिल) -रेल मंत्रालय ने शुक्रवार से देश में पहली किसान स्पेशल पार्सल ट्रेन शुरू की है। इस साप्ताहिक ट्रेन के शुरू होने से, महाराष्ट्र मध्यप्रदेश और यूपी, बिहार के किसान अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में इस साल की शुरुआत में किसान स्पेशल ट्रेन शुरू करने की घोषणा की थी।
मध्य रेलवे द्वारा किसानों को राहत देने के लिए साप्ताहिक किसान स्पेशल पार्सल ट्रेन 7 अगस्त से 30 अगस्त तक देवलाली (महाराष्ट्र) और मप्र के साथ दानापुर (बिहार) के बीच चलने वाली है। इससे सब्जियां, फल आदि समय पर आसानी से उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेंगे।
रेलवे सलाहकार समिति सदस्य सुनील जैन ने बताया कि शुक्रवार शाम 6.40 बजे देवलाली से दानापुर के बीच किसान रेल खंडवा पहुँची। रेलमंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसान ट्रेन को देवलाली से सुबह 11.30 बजे रवाना किया। यह ट्रेन खंडवा स्टेशन शाम 6.40 बजे पहुँची। और खंडवा के किसानों की सब्जी हरी मिर्च, अरबी, बल्लर, हरा धनिया कटनी व सतना के लिए बुक किया गया। ये ट्रेनें रास्ते में मनमाड़, जलगाँव, भुसावल, बुरहानपुर, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, सतना, कटनी, मानिकपुर, प्रयागराज छोकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और बक्सर स्टेशनों पर रुकेंगी।
मध्य रेलवे का भुसावल मंडल मुख्य रूप से कृषि आधारित प्रभाग है। नासिक और आसपास के क्षेत्र में बड़ी मात्रा में ताजी सब्जियां, फल, फूल, प्याज और अन्य खराब होने वाले खाद्य उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों को मुख्य रूप से पटना, प्रयागराज, कटनी, सतना आदि क्षेत्रों के आसपास ले जाया जाता है। ट्रेन को नासिक रोड पर निर्धारित ठहराव प्रदान किया गया है। इससे किसानों को बहुत मदद मिलेगी, क्योंकि माल भाड़ा पी के पैमाने पर लिया जाएगा।
शुक्रवार पहली किसान स्पेशल पार्सल ट्रेन खंडवा के 3 नंबर प्लेटफार्म पर पहुंची तो नारों के साथ किसान संघ ने उत्साह से ट्रेन का स्वागत किया। किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ रेल समिति सदस्य सुनिल जैन, मनोज सोनी ने किसान रेल के ड्राइवरो का पुष्प माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर कर स्वागत किया। पहले दिन खंडवा से बल्लर और हरी मिर्च पार्सल ट्रेन से भेजी गई। इस मौके पर सुनील जैन, मनोज सोनी, धर्मचंद गुर्जर, सुभाष पटेल, शैलेंद्र सिंह जलोदिया, पवन साद, रामसिंह देवड़ा द्वारा स्टेशन प्रबंधक जीएल मीना, पार्सल पर्यवेक्षक विनोदचंद्र गुप्ता, ट्रेफिक निरीक्षक सुनील गुप्ता सहित स्टाफ के कर्मचारी रेलवे हम्माल का पुष्पमाला पहनाकर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने रेल मंत्रालय द्वारा चलाई गई सप्ताहिक किसान पार्सल ट्रेन का स्वागत करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेलमंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर का आभार व्यक्त किया।
मेडिकल संसार ग्रुप से जुड़ने के लिए इस नीली लाइन को टच करें 👈