आधी रात सड़क पर बाइक अड़ाकर पिकअप लूटी, पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा आरोपी; लूटा वाहन भी बरामद



बुरहानपुर। जिले में पिकअप वाहन लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे फरियादी श्रीराम राठौर अपने साथी हेल्पर उमेश राठौर के साथ पिकअप वाहन क्रमांक MP 11 G 2744 में खाद खाली करके शाहपुर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम धावटी के पास दो अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल सड़क पर अड़ाकर पिकअप वाहन रुकवा लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने फरियादी और उसके साथी के साथ मारपीट की और पिकअप वाहन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खकनार में लूट का अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारी दबिश

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे और एसडीओपी नेपानगर सुरेश महाले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि मांजरोद खुर्द-सावली खेड़ा रोड पर सफेद रंग की पिकअप खड़ी है और उसके पास पीली टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान ज्ञानेश्वर पिता रमेश कास्डेकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी सावली खेड़ा, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।

फरियादी ने की आरोपी की पहचान

पुलिस के अनुसार, फरियादी ने हिरासत में लिए गए ज्ञानेश्वर कास्डेकर की पहचान लूट की वारदात में शामिल आरोपी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मेमोरेंडम के आधार पर लूटा गया पिकअप वाहन बरामद कर लिया।

पुलिस अब वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव, सउनि पवन देशमुख, सउनि मनीष मंडलोई, प्रआर सतीश सूर्यवंशी, प्रआर रूपेश शर्मा, प्रआर किशोर मार्को, आरक्षक खुमसिंह, गोविंदा एवं सबल देवड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post