बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा अनंत चतुर्दशी के अवसर पर मां ताप्ती की स्वच्छता एवं संरक्षण के उद्देश्य से चलाया गया गणेश प्रतिमा संग्रहण एवं जनजागरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के अंतर्गत समिति सदस्यों ने बैनर, झंडे एवं फूलमालाओं से सजे टेम्पो में शहर भ्रमण कर नागरिकों से अपील की कि वे गणेश प्रतिमाओं को मां ताप्ती में विसर्जित करने के स्थान पर समिति को सौंपकर इस सकारात्मक पहल में अपना योगदान दें।
समिति सदस्यों ने नागरिकों से प्राप्त गणेश प्रतिमाओं को एकत्रित किया और उन्हें मूर्तिकार कुशवाहा आर्ट को सौंपा। इन प्रतिमाओं का अगले वर्ष पुनः उपयोग किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और मां ताप्ती की स्वच्छता का संदेश दिया गया।
समिति के इस अभियान की बुरहानपुर के नायब तहसीलदार ने फोन के माध्यम से सराहना की। उन्होंने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय बताया।
अभियान की शुरुआत समिति सदस्य नितेश दलाल के निवास से हुई। इस अवसर पर सिंधी बस्ती निवासी गुनवानी अपने परिवार सहित उपस्थित हुए और गणेश प्रतिमा समिति को सौंपकर इस पहल में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि वे भी मां ताप्ती के संरक्षण के लिए इस अभियान में सहभागी बने रहेंगे।
अभियान के दौरान समिति सदस्य राजकुमार वच्छानी, डॉ. यूसुफ खान एवं देवचरण शर्मा का उत्साह देखते ही बनता था। अपनी उम्र की परवाह किए बिना उन्होंने पूरे जोश और समर्पण के साथ नागरिकों से अपील की। उनका उत्साह लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करता रहा।
एकत्रित प्रतिमाएं स्वीकार करते हुए मूर्तिकार कुशवाहा आर्ट ने कहा कि समिति की इस पहल से प्रेरित होकर उनके परिवार ने भी संकल्प लिया है कि अब उनके घर की गणेश प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाएगा। प्रतिमाओं के पुनः उपयोग की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बन रही है।
अभियान के दौरान टोपदास जी भगवान गणेश की झांकी के रूप में शामिल हुए, जो आकर्षण का केंद्र रही। समिति के सदस्यों ने नागरिकों को प्रतिमाओं के पुनः उपयोग और मां ताप्ती के संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर समिति सदस्य धर्मेंद्र सोनी, विजय राठौर, राजेश भगत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अभियान के समापन पर समिति ने नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी मां ताप्ती की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
Tags
बुरहानपुर समाचार

