ताप्ती में युवक की मौत के बाद फूटा आक्रोश,मछली पकड़ने पर रोक और नदी घाटों पर पुख्ता सुरक्षा की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन



बुरहानपुर (नि.प्र.)। ताप्ती नदी में हाल ही में एक युवक की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद नागरिकों में आक्रोश बढ़ गया है। 
नदी किनारे लगातार सामने आ रहे हादसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मछली पकड़ने की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर सोमवार को ताप्ती सेवा समिति के नेतृत्व में नागरिकों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा । 
समिति अध्यक्ष सरिता भगत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ताप्ती नदी के घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि नदी किनारे अनधिकृत रूप से मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। समिति का कहना है कि मछली पकड़ने के दौरान कई लोग गहरे और जोखिम भरे पानी में उतर जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा रेलिंग लगाने, आवश्यक स्थानों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने तथा नदी तटों पर नियमित सुरक्षा गश्त शुरू करने की मांग की गई। 
समिति अध्यक्ष सरिता भगत ने कहा कि ताप्ती नदी में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि नदी तटों पर सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने सदस्य को न खोना पड़े ।
        ज्ञापन भेंट अवसर पर अध्यक्ष सरिता भगत ,अत्ताउल्लाह खान उपाध्यक्ष ,रजनी गट्टानी ,मोहन दलाल ,प्रियांसी सिंह ठाकुर ,डॉक्टर युसूफ खान ,राजकुमार बछवानी, बसंत पाल, सचिन सोनगिरकर, राजेश भगत प्रवक्ता विवेक हकीम के साथ साथ उपस्थित नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो व्यापक जन-आंदोलन किया जाएगा ।

Post a Comment

Previous Post Next Post