बुरहानपुर: सेवासदन महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय (बैच 1982-1985) के पूर्व छात्रों का एक भव्य पुनर्मिलन (एल्युमिनाई मीट) समारोह रविवार को श्री कृष्णमंगल कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। करीब चार दशक बाद एक मंच पर एकत्रित हुए सहपाठियों ने कॉलेज के दिनों की सुनहरी यादों को साझा किया।
कार्यक्रम के दौरान उन दिवंगत साथियों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जो आज इस दुनिया में नहीं हैं। सभी पूर्व छात्रों ने मौन रखकर जीवन का सफर पूरा कर चुके अपने अभिन्न मित्रों को याद किया और उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बैच के कुल 120 विद्यार्थियों में से 50 पूर्व छात्र इस विशेष आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह के स्वल्पाहार के साथ हुई, जिसके बाद परिचय सत्र आयोजित हुआ। इस दौरान सभी ने अपने वर्तमान कार्यक्षेत्र और जीवन के अनुभवों को साझा किया। सभी साथियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस तरह का एक वृहद आयोजन आगामी समय में किया जाएगा, जिसकी तारीख जल्द ही तय होगी।
दोपहर के सुरुचिपूर्ण भोजन के पश्चात शाम 4 बजे चाय पर चर्चा हुई। इसके बाद सभी पूर्व छात्र अपने पुराने दिनों को याद करने कॉलेज परिसर पहुंचे, जहां परिसर भ्रमण किया गया। इस ऐतिहासिक और भावुक पल को संजोने के लिए अंत में सभी पूर्व छात्रों का एक यादगार ग्रुप फोटो भी लिया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में निरंजन नागर, जितेंद्र यादव, कन्हैयालाल मोरे, संजय मालवी, मुकेश देवड़ा, प्रदीप तोदी, संजय कारंजावाला, भगवानदास शाह, संदीप कपूर सहित अन्य पूर्व छात्रों का विशेष सहयोग रहा।
Tags
बुरहानपुर समाचार
