बुरहानपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार (शाखा बुरहानपुर) के तत्वावधान में आयोजित होने वाले आगामी आध्यात्मिक आयोजनों की रूपरेखा साझा करने के लिए गायत्री शक्तिपीठ, संजय नगर में विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं छायाचित्रकारों का तिलक लगाकर गायत्री परिवार की परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के सेनापति एवं गायत्री परिवार के सक्रिय कार्यकर्ता श्री ब्रजेश पटेल ने आगामी आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी श्री वसंत मोंढे ने गायत्री परिवार के कार्यों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। जिला समन्वयक श्री नारायण राव चौधरी ने घर-घर आयोजित होने वाले महायज्ञ के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
19 सितंबर को निकलेगी शोभा कलश यात्रा
आयोजन के तहत 19 सितंबर 2026 को बुरहानपुर नगर में भव्य एवं विशाल शोभा कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में मातृशक्तियों सहित श्रद्धालु शामिल होंगे।
2400 घरों में एक साथ होगा महायज्ञ
20 सितंबर 2026 को नगर के 2400 परिवारों के घरों में एक साथ ‘श्री गणेश गायत्री महायज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। गायत्री परिवार के अनुसार यह आयोजन नगर के आध्यात्मिक वातावरण को नई दिशा देने के साथ एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन के रूप में स्थापित होगा।
प्रेस वार्ता में गायत्री परिवार के नितिन मोंढे, कारण प्रजापति, विजय महाजन एवं जय चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रभारी श्री राजेश पटेल ने प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
Tags
बुरहानपुर समाचार
