बुरहानपुर। आज के दौर में जहां सड़क पर पड़ी रकम देखकर कई लोग उसे अपना समझने लगते हैं, वहीं थाना शिकारपुरा क्षेत्र की एक महिला ने ईमानदारी और मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। महिला को रास्ते में ₹50,000 नगद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरी थैली मिली, लेकिन उन्होंने बिना किसी लालच के पूरी राशि और दस्तावेज पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी आशा बाई पति फकीरा वानखेड़े सुबह अपने नाती-पोतों को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उन्हें पीले रंग की एक थैली दिखाई दी। आशा बाई ने थैली उठाकर घर जाकर उसे देखा तो उसमें ₹50,000 नगद के साथ पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
₹50 हजार देखकर भी नहीं आया लालच, सीधे थाने पहुंचीं
आशा बाई ने अपने पुत्र के साथ थाना शिकारपुरा पहुंचकर पूरी थैली पुलिस के सुपुर्द कर दी। इसी बीच पुलिस को इस सामान के गुम होने की सूचना पहले ही राजेश पिता किशनलाल जायसवाल, निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी द्वारा दी जा चुकी थी।
पुलिस ने राजेश जायसवाल को थाने बुलाकर आवश्यक पहचान और सत्यापन की कार्रवाई की। सत्यापन के बाद पुलिस ने ₹50,000 की पूरी नगद राशि और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिए।
खोई रकम वापस मिली तो छलका आभार
अपनी खोई हुई रकम और जरूरी दस्तावेज वापस मिलने पर राजेश जायसवाल ने आशा बाई और उनके पुत्र का आभार व्यक्त किया। वहीं, आशा बाई द्वारा दिखाई गई ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की पुलिस एवं आमजन ने सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
आशा बाई की यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि ईमानदारी केवल शब्द नहीं, बल्कि जरूरत के समय किया गया सही काम है।
पुलिस ने की आमजन से अपील
बुरहानपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति का सामान, नकदी या महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें अथवा नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में जमा कराएं।
Tags
बुरहानपुर समाचार
