420 किलो गोकुल स्वीट्स और 50 किलो क्रीम जब्त, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप


बुरहानपुर, 25 अगस्त 2026। जिले में दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर जांच और निरीक्षण करते हुए 420 किलो गोकुल स्वीट्स (मावा) और 50 किलो क्रीम जब्त की है। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुरहानपुर जलेबी एवं नमकीन सेंटर, इकबाल चौक से मावा और मावा जलेबी के नमूने लिए। वहीं बुरहानपुर जलेबी, रोशन चौक से मावा का नमूना लिया गया। संबंधित विक्रेता को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 का नोटिस जारी किया गया है।

420 किलो गोकुल स्वीट्स जब्त

कार्रवाई के दौरान मदीना मिल्क डेयरी, बुरहानपुर से गोकुल स्वीट्स का नमूना लिया गया। इसके साथ ही करीब 75 हजार रुपये कीमत का 420 किलो गोकुल स्वीट्स (मावा) जब्त किया गया। संबंधित को भी धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।

50 किलो क्रीम भी कार्रवाई की जद में

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शालीमार इंटरप्राइजेज, सिंधी बस्ती, बुरहानपुर से करीब 18 हजार रुपये कीमत की 50 किलो क्रीम जब्त की। यहां से क्रीम के साथ पनीर और मावा के नमूने भी लिए गए हैं।

भोपाल भेजे जाएंगे सभी नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश डावर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम 2011 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post