वैश्य महासम्मेलन मध्य प्रदेश के संस्थापक उमाशंकर गुप्ता जी के जन्मदिवस पर वृद्धाश्रम में सेवा कार्य

बुरहानपुर*। वैश्य महासम्मेलन मध्य प्रदेश के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी आदरणीय श्री उमाशंकर गुप्ता (भाई साहब) के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वैश्य महासम्मेलन बुरहानपुर जिला इकाई द्वारा सेवा एवं समर्पण का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

इस अवसर पर जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वृद्धजनों को ससम्मान भोजन कराया तथा उपयोगी साहित्य का वितरण किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का भाव प्रकट करना था। उपस्थित सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। वृद्धाश्रम में उपस्थित बुजुर्गों ने इस स्नेहपूर्ण पहल की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर वैश्य महासम्मेलन बुरहानपुर जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा कि आदरणीय उमाशंकर गुप्ता जी का जीवन समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उनके जन्मदिवस पर वृद्धजनों की सेवा कर उन्हें सम्मान देना उनके प्रति सच्ची श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री मुकेश डालमिया, श्री कैलाश अग्रवाल, श्रीमती जयश्री पाटीदार, श्रीमती प्रेमलता सांखला, श्री जयंती नवलखे, श्री दिनकर पाटील, श्री लीलाधर भावसार एवं श्री नरेंद्र शिंदे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन वृद्धजनों के आशीर्वाद एवं सभी सदस्यों द्वारा आदरणीय उमाशंकर गुप्ता जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर समाजसेवा की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। यह आयोजन सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों की भावना का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

Post a Comment

Previous Post Next Post