पुलिस विभाग की पहल से यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद, ताप्ती सेवा समिति ने किया सम्मान



बुरहानपुर। शहर के शानवारा से गणपति थाना मार्ग तक डिवाइडर निर्माण कार्य के चलते सड़क लंबे समय से खुदी हुई है। मार्ग के मध्य डिवाइडर तो स्थापित कर दिए गए हैं, लेकिन सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस मार्ग से भारी वाहनों एवं ट्रकों का निरंतर आवागमन होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

हाल ही में इसी मार्ग पर एक ट्रक पलट गया था। सौभाग्यवश किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना सड़क की बदहाल स्थिति और यातायात जोखिम को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण वाहन चालकों को प्रतिदिन जाम और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा समय-समय पर इस समस्या के समाधान हेतु प्रशासन के समक्ष विषय उठाया गया, किन्तु अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। इसी बीच पुलिस विभाग द्वारा जनहित में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उक्त मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया गया है, जिससे जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है तथा दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

पुलिस विभाग की इस सकारात्मक पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ताप्ती सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पुष्प भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

समिति के वरिष्ठ सदस्य राजीव खेडकर ने कहा कि एक ही समय में लालबाग रोड का निर्माण कार्य तथा शानवारा से गणपति थाना मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर देना यातायात व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव डालने वाला निर्णय है। यह स्पष्ट था कि दोनों प्रमुख मार्गों पर एक साथ निर्माण कार्य होने से शहर की यातायात व्यवस्था बाधित होगी। ऐसे निर्णयों से आम नागरिकों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भविष्य में निर्माण कार्यों की बेहतर योजना बनाकर जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

समिति के सचिव धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए की गई छोटी-छोटी पहल भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं। पुलिस विभाग द्वारा यातायात डायवर्जन का निर्णय जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम है। ताप्ती सेवा समिति पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करती है और आशा करती है कि संबंधित विभाग शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर नागरिकों को राहत प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर ताप्ती सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे तथा प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post