जनभावनाओं के अनुरूप 51.20 करोड़ का बजट पारित, बुरहानपुर निगम परिषद ने दी सर्वसम्मति से मंजूरी



बुरहानपुर। इंदिरा कॉलोनी स्थित स्व. परमानंद गोविंदजी वाला ऑडिटोरियम में नगर निगम बुरहानपुर का परिषद सम्मेलन निगम अध्यक्ष श्रीमती अनीता अमर यादव एवं महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

बैठक के दौरान पार्षद फहीम हाशमी द्वारा बजट में त्रुटियों की बात उठाई गई, जिस पर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि यह त्रुटि नहीं, बल्कि विभिन्न मदों का क्रमबद्ध विवरण है।

महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए मदवार बजट प्रस्ताव परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। महापौर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से जी.एम.सी. कंपनी द्वारा निगम क्षेत्र में पाइपलाइन कार्य अधूरा है। साथ ही आगामी चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए वार्डों में सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को संतृप्त स्तर तक विकसित करने के लिए बजट में अतिरिक्त प्रावधान किए गए हैं।

प्रस्तावित बजट में प्रमुख रूप से नाला निर्माण, सीसी रोड एवं पेवर ब्लॉक कार्य, मरम्मत कार्य, डामरीकरण सड़क निर्माण, डामरीकृत सड़कों की मरम्मत, जोनल कार्य, भवन मरम्मत, डब्ल्यूबीएम रोड निर्माण, प्रीकास्ट नाली कवर (खुली नालियों को ढंकने हेतु) एवं श्मशान घाट निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन सभी के लिए कुल 51.20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष, महापौर एवं आयुक्त सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा, रितेश पाटीदार, लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, जनसंपर्क अधिकारी हरिश मोरे एवं निगम सचिव संजय शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post