बुरहानपुर। जिले में डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। थाना नेपानगर क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला को समय पर सहायता पहुंचाकर नया जीवन देने का सराहनीय कार्य किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफआरवी-07 को ग्राम रतागढ़ से सूचना मिली कि एक बुजुर्ग महिला सरस्वती पति छुग्या बेलदार (उम्र 75 वर्ष) मोटरसाइकिल पर सवार थीं, तभी उनकी साड़ी वाहन में फंस गई, जिससे वे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही एफआरवी-07 की टीम बिना विलंब के घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। टीम ने प्राथमिक स्थिति का आकलन करते हुए घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नेपानगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
एफआरवी स्टाफ ने अपनी सजगता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए त्वरित निर्णय लिया, जिससे महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी और उनकी जान बचाई जा सकी।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर, श्री देवेंद्र पाटीदार ने डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात महिला आरक्षक रंजू वास्केल एवं एफआरवी-07 टीम के कांस्टेबल लालसिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप तथा पायलट कैलाश राठौड़ के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
यह घटना एक बार फिर सिद्ध करती है कि आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सेवा आमजन के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय सहारा बनकर उभर रही है।
Tags
बुरहानपुर समाचार
