मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नेपानगर में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित,कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक




बुरहानपुर/12 मार्च, 2026/- 15 मार्च को नेपानगर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित रही। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।

विदित है कि 15 मार्च रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नेपानगर में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुचारू संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को कार्य-दायित्व सौंपे है। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, टेंट-साउंड, पेयजल, विद्युत, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित जनसामान्य के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और अनुशासित रूप से किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियाँ पूर्ण करें। संपूर्ण व्यवस्थाएं गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है। 
बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, राजस्व, पुलिस, पंचायत, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post