चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बनने के बाद डॉ बघेल का हरदा प्रथम आगमन पर हुआ भव्य स्वागत


हरदा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन द्वारा संगठन के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों में नियुक्तियां किया की जा रही है। इसी कड़ी में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पर हरदा के चिकित्सक डॉ विशाल सिंह बघेल की नियुक्ति प्रदेश संगठन द्वारा की गई। डॉ विशाल सिंह बघेल कईं वर्षों से हरदा एवं आसपास के जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरुकता जैसे विषयों पर लगातार कार्य कर रहे हैं।

उनके इस योगदान व कार्यों को सराहते हुए संगठन ने प्रदेश स्तर की बड़ी जिम्मेदारी जिले के युवा चिकित्सक को सौंपी। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक का दायित्व संभालने के बाद डॉ. विशाल सिंह बघेल के हरदा नगर में प्रथम आगमन पर ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व स्वागत किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच उनका काफिला आगे बढ़ता रहा।


मां नर्मदा का आशीर्वाद लेकर शुरू किया जनसेवा का संकल्प-

हरदा पहुंचते ही डॉ. बघेल ने सर्वप्रथम मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।


गांव-गांव में हुआ आत्मीय अभिनंदन-

छिपानेर, तजपुर, करताना, सन्यासा, अबगांव सहित अनेक गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं व समाजसेवियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। जगह-जगह मंच बनाकर सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण-

शहर में विराजित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर डॉ. बघेल ने उनके आदर्शों को स्मरण किया और समाजसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। डॉ. बघेल ने कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को नई गति देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

हरदा का यह प्रथम आगमन न केवल एक स्वागत कार्यक्रम रहा, बल्कि संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन और जनविश्वास का प्रतीक बनकर सामने आया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे। प्रदेश संयोजक के हरदा जिले की सीमा में प्रवेश करते हुए विशाल जन समूह ने मुख्य मार्गों से होते हुए

स्वागत जुलूस निकाला तथा विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग संगठनों व समूह के द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम किया गया। नगर आगमन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने पर डॉ विशाल सिंह बघेल ने सभी कार्यकर्ताओं, स्वागत-कर्ताओं और स्नेहीजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।



 

Post a Comment

Previous Post Next Post