बुरहानपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज) सिद्धार्थ बहुगुणा ने शनिवार, 14 फरवरी 2026 को बुरहानपुर जिले में नवनिर्मित पुलिस पेट्रोल पंप का विधिवत फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया।
यह पेट्रोल पंप पुलिस कल्याण समिति द्वारा संचालित किया जाएगा, जहां ग्राहकों को आधुनिक UFill सुविधा उपलब्ध होगी। इस प्रणाली के तहत QR कोड से भुगतान करते ही मशीन स्वचालित रूप से निर्धारित मात्रा में ईंधन भरती है, जिससे शुद्धता, पारदर्शिता और भरोसेमंद सेवा सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल, रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के एरिया मैनेजर सालेम अली अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
यह पेट्रोल पंप आम नागरिकों एवं पुलिस विभाग दोनों के लिए खुला रहेगा। इससे क्षेत्र की जनता को सुविधाजनक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध होगा। वहीं पुलिस विभाग के वाहनों की ईंधन आपूर्ति अब अधिक सुचारु, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो सकेगी, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
अपने संबोधन में डीआईजी श्री बहुगुणा ने कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर पुलिस व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां राजस्व में वृद्धि होगी, वहीं पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पेट्रोल पंप को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है। यहां डिजिटल भुगतान प्रणाली, शुद्धता मापक मशीन, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। शुभारंभ के उपरांत डीआईजी ने परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि इस पेट्रोल पंप के शुरू होने से पुलिस विभाग को ईंधन आपूर्ति में आत्मनिर्भरता प्राप्त होगी और विभागीय कार्यों में गति आएगी।
Tags
बुरहानपुर समाचार
