बुरहानपुर/20 फरवरी, 2026/- शासन के निर्देशानुसार बच्चों के स्वास्थ्य हित को ध्यान में रखते हुए, जिले में 19 मार्च 2026 तक ‘दस्तक अभियान’ का दूसरा चरण संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर घर-घर जाकर 5 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।
अभियान के दौरान बच्चों को ‘‘विटामिन-ए’’ की खुराक दी जा रही है तथा एनीमिया जांच सहित आवश्यक उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) रेफर किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, दस्त एवं निमोनिया जैसी बीमारियों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। अभियान में आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा परिजनों को पोषण एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सलाह भी दी जा रही है।
Tags
बुरहानपुर समाचार