बुरहानपुर। जिले में गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जीजामाता चौराहा स्थित मां साहेब जीजाऊ एवं बाल शिवाजी की प्रतिमा पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, समाजजन एवं जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि भारत के अमर सपूत छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर शत-शत नमन है। उन्होंने उपस्थित समूह को शिवाजी महाराज जी के विचारों से अवगत कराते हुए कहा कि जो धर्म, सत्य, श्रेष्ठता और परमेश्वर के सामने झुकता है, उसका आदर समस्त संसार करता है। साथ ही जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी पूरे समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों में जुटा रहता है, उसके लिए समय स्वयं अनुकूल हो जाता है।
सांसद पाटील ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जी का अदम्य साहस, अद्भुत शौर्य और असाधारण बुद्धिमत्ता देशवासियों को युगों-युगों तक प्रेरित करता रहेगा , वे एक कुशल शासक, योग्य सेनापति और उत्कृष्ट संगठक थे, जिन्होंने सर्वसमावेशी हिंदवी स्वराज की स्थापना हेतु अपना जीवन समर्पित किया। उनका अतुल्य शौर्य और राष्ट्रनिष्ठा सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने सूबे, गांव, क्षेत्र और समाज की सीमाओं से ऊपर उठकर देश और भारत भूमि की एकता-अखंडता के लिए जीवन जिया। पराधीनता की मानसिकता को तोड़कर स्वतंत्रता की चेतना जगाने में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई और संघर्ष के माध्यम से विदेशी आक्रांताओं को खदेड़ने का संदेश पूरे देश को दिया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल, श्री अनिल भोसले, भाजपा युवा नेता श्री गजेंद्र पाटील, श्री मनोज टंडन,श्री आदित्य प्रजापति, डॉ दीपक वाभले, एमआईसी चैयरमैन श्री भरत इंगले,श्री दिनेश चौधरी, श्री दिनेश पाटील, श्री रविंद्र जगताप, श्री गोपाल पाटील, श्री प्रवीण गुंजाल,श्री रामदास सगरे आदि मौजूद रहे।
Tags
बुरहानपुर समाचार