बुरहानपुर - आज 14 फरवरी को मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बुरहानपुर आगमन अवसर पर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न होगा। यह कार्यक्रम नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
अमृत 2.0 योजना अंतर्गत सीवरेज नेटवर्क निर्माण एवं वाटर सप्लाई गैप फिलिंग कार्य पर 87.00 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत लोहार मंडी से इकबाल चौक एवं सिंधीपुरा तक सी.सी. रोड निर्माण, मरीचिका उद्यान विकास कार्य तथा अन्य निर्माण कार्यों पर 14.00 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसी क्रम में नेहरू स्टेडियम में पवेलियन सह दुकानों के निर्माण कार्य हेतु 4.00 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया जाएगा।
इन समस्त कार्यों के पूर्ण होने से नगर की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी, यातायात व्यवस्था में सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
महापौर माधुरी पटेल ने नगरवासियों से अपील की है कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की गई 100 करोड़ से अधिक की विकास सौगात के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत करें।
तत्संदर्भ में यह भी निवेदन किया गया है कि नवीन नगर निगम कार्यालय भवन निर्माण हेतु राशि रु. 15.00 करोड़, गीता भवन निर्माण हेतु राशि रु. 20.00 करोड़ तथा अमृत योजना अंतर्गत सीवरेज कार्य पूर्ण किए जाने के लिए शेष राशि रु. 25.00 करोड़ की स्वीकृति प्रदान किए जाने हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया गया है।
Tags
बुरहानपुर समाचार