बुरहानपुर में सियासी घमासान: मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान पर कांग्रेस का विरोध, पुतला दहन


बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल के विवादित बयान को लेकर सियासी बवाल मच गया है। प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जबकि बुरहानपुर के हिंदी वस्ती चौराहे पर मंत्री का पुतला जलाया गया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत पानी डालकर आग बुझा दी, जिससे मौके पर हल्का तनाव देखने को मिला।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक ने कहा, "प्रहलाद पटेल के बयान से जनता आहत है। उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर करना चाहिए।"

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस मुद्दे पर अब तक भाजपा या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह विवाद मध्य प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर चुका है। विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की तैयारी में जुटा है, जबकि सत्ता पक्ष की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post