बुरहानपुर - (डॉ मनोज अग्रवाल) - पर्यावरण संरक्षण के लिए गुरुवार को ताप्ती नदी तट पर ताप्ती स्विमिंग मित्र मंडल के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया।
पर्यावरण गतिविधि के तहत स्वयंसेवकों ने सुबह सुबह ताप्ती नदी के राजघाट पर सामूहिक श्रमदान कर नदी के तट से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक,पन्नी, पुराने सड़े कपड़े और अन्य कचरा उठाकर यहां सफाई की।
स्वयंसेवकों ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया।
राजघाट पहुंचे लोगों को भी घाट पर सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।
मित्र मंडल के प्रमुख शैलेंद्र ब्रहस्पति ने बताया कि कई वर्षों से प्रतिदिन मित्र मंडल के सदस्य सामूहिक रूप से ताप्ती स्नान,पूजन, योग प्राणायाम इत्यादि करते हैं। किंतु कई श्रद्धालु नदी में पूजन सामग्री,कचरा,पन्नी,प्लास्टिक इत्यादि नदी में फेंक देते हैं जिसकी वजह से नदी प्रदूषित होती है साथ ही जलीय जीवो को भी नुकसान पहुंचता है, हमारे मंडल के सदस्य अक्सर लोगों को इस हेतु टोकते हैं एवं पर्यावरण संरक्षण का आव्हान करते हैं।
इस अवसर पर सेवा दे रहे श्री शैलेंद्र बृहस्पति,अरुण पिंगले,त्रिलोक शाह,सतीश शाह,राजू शाह, विष्णु भाई
अनिल विश्वकर्मा,मयूर शाह,अजय जोशी,राहुल नागर,बन्नतवाला आदि ने कहा कि हमारा उद्देश्य नदियों के प्रति जनसामान्य को अपनी जिम्मेदारी का अहसास करना है। पॉलिथीन से वायु प्रदूषण, भूमि प्रदूषण और जल प्रदूषण होता है। इससे पशुओं और मानव जीवन पर भी बुरा असर पड़ता है। इसलिए हमें पॉलिथीन की जगह कपड़े की थैली का उपयोग करने की आदत डालना चाहिए।
Tags
बुरहानपुर समाचार