मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिले भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल , अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

बुरहानपुर। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल ने आज भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात कर व्यापारियों के साथ व्यवहारिक रुप से आ रही समस्याओं से अवगत कराया। 
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने प्रदेश के व्यापारियों की ओर से मांग रखी कि शासन-प्रशासन द्वारा प्रत्येक जिला स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु एक जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाए। 
कलेक्टर की अध्यक्षता वाली इस समिति की प्रत्येक तीन माह में एक बार बैठक हो। बैठक में व्यापारियों के साथ संवाद होने से बदलते परिवेश और बाजार के मापदंड अनुसार तात्कालिक परिस्थितियों पर व्यापारियों को शासन-प्रशासन से मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता पड़ती रहती है। व्यापारियों के सुझाव व समस्याओं के लिए एक उचित फोरम की नितांत आवश्यकता है। इसी के साथ मध्यप्रदेश के गल्ला व्यवसायियों पर पड़ रही टैक्स की मार पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया गया। मुख्यमंत्री को अग्रवाल ने बताया कि गल्ला व्यापारियों को 1.5 प्रतिशत टैक्स ही ज्यादा पड़ रहा है।उस पर निराश्रित टैक्स के नाम पर .02 प्रतिशत टैक्स अलग से सरकार ले रही है। इसलिए इस निराश्रित टैक्स को तत्काल समाप्त किया जाए। विगत दिनों प्रकोष्ठ द्वारा मध्यप्रदेश के सभी 57 जिलों में किए गए दौरों के दौरान व्यवसायियों ने इस विषय पर समान रुप से आवाज उठाई है। जिसे सरकार तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। श्री अग्रवाल के मुताबिक माननीय मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने इन मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए अपने अधीनस्थ विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया है।
उपरोक्त जानकारी भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी आशीष गोयल ने दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post