बुरहानपुर/12 अगस्त, 2022/- हर-घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, चारो ओर तिरंगा ही तिरंगा। तिरंगामय बुरहानपुर दृश्य आज विशाल महारैली में देखने को मिला। विदित है कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के रूप में हर घर तिरंगा अभियान 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक मनाया जा रहा है। इस महोत्सव की श्रंृखला में कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ निरंतर रूप से प्रतिदिवस संचालित हो रही है।
जिले की जनता ने आज खुले दिल से ‘‘हर घर तिरंगा अभियान‘‘ का स्वागत करते हुए विशाल महारैली में सहभागिता की। यह रैली कमल टॉकिज तिराहे से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गो से होकर गुजरी। जो कि पांडुमल चौराहा, बाई साहेब की हवेली, शनि मंदिर, फव्वारा चौक, गांधी चौक, प्रकाश टॉकिज, इकबाल चौक, जय स्तंभ, शनवारा चौराहा से होते नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई।
आयोजित महारैली में एक अलग ही उत्साह प्रतिभागियों के चेहरों पर नजर आया। इस अवसर पर सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह, बुरहानपुर विधायक श्री ठा.सुरेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री श्रीमति अर्चना चिटनिस, पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा, सीईओ जिला पंचायत श्री रोहित सिसोनिया, महापौर श्रीमति माधुरी अतुल पटेल अन्य सम्माननीय जनप्रतिनिधिगण, शासकीय अधिकारीगण/कर्मचारीगण, आम जनमानस ने विद्यार्थियों के साथ देशभक्ति गीतों पर उत्साह दिखाया। महारैली में लगभग 3 हजार से अधिक नागरिकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण शामिल रहे।
महारैली के समापन अवसर पर नेहरू स्टेडियम में कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने उपस्थितजनों को आजादी के अमृत महोत्सव की शपथ दिलाई तथा राष्ट्रगान गायन के साथ महारैली का समापन किया गया।
#HarGharTiranga
Tags
बुरहानपुर समाचार