बुरहानपुर। भोपाल से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह जी चौहान द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजनांतर्गत हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे का वितरण कार्यक्रम में जिले के हितग्राही भी लाभान्वित हुए। बुरहानपुर से वर्चुअली रूप से पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व हितग्राही सम्मिलित हुए। इस दौरान श्रीमती चिटनिस सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को भूमि स्वामी अधिकार पत्र एवं स्थाई पट्टे का वितरण किया। उपस्थितजनों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का लाईव संबोधन देखा व सुना।
इस दौरान नेपानगर विधायक श्रीमती सुमित्रादेवी कास्डेकर जी, निवृत्तमान महापौर श्री अनिल भोंसले जी, निवृत्तमान नगर निगमाध्यक्ष श्री मनोज तारवाला जी, नेपानगर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश चौहान जी एवं श्री आदित्य प्रजापति सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आपकी जिंदगी में बदलाव और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए है। आपकी जिंदगी को बेहतर बना पाए, सरकार चलाने का यही उद्देश्य है। मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना बनाई, ताकि कई वर्षों से जिनका जमीन पर कब्जा है, उन्हें उसका वैधानिक अधिकार मिल जाये। अपनी जमीन का मालिक होने का अलग सुख है, आज आपका चेहरा देखकर यह एहसास हो रहा है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सरकार वो, जो जिंदगी के हर मोड़ पर आपके साथ खड़ी हो जाए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से गरीबों को राशन मिल रहा है, ताकि हमारे गरीब भाई-बहन को भरपेट भोजन मिल सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना में पहले 2014 से जिनका जमीनों पर कब्जा था, वही पात्र थे, लेकिन अब फैसला किया है कि 2018 से भी जिसका कब्जा होगा, उसे भी पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाया जाएगा। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि आज जिन मित्रों को भू-अधिकार योजना का लाभ मिला है, मैं उन्हें बधाई देती हूं। जो शेष रह गये हैं, उन्हें भी शीघ्र ही इसका लाभ मिलेगा।
पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीबों की जिंदगी बदलने का कार्य हो रहा है। मध्यप्रदेश में आज सवा चार हजार हितग्राही मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। ये कई वर्ष से जहां निवासरत थे और जिस भूमि पर इनका कब्जा भी था, अब ये हितग्राही उसके स्वामी हो गए हैं। उन्हें कब्जाधारी होने की तकलीफ से मुक्त कराना था। नाममात्र के शुल्क पर उनके नाम पर जमीन होने का सुख और आनंद लेते हुए वे अपना घर बनाकर रह सकेंगे। एक अदद घर हर व्यक्ति को चाहिए। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह सरकार सेवा करने वाली सरकार है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान विभिन्न वर्गों के कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं। आज शहरों में रहने वाले गरीबों को अपनी भूमि का स्वामी होने का अधिकार मिल रहा है। योजना की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी है। हितग्राही अपनी भूमि पर आवास के साथ छोटा-मोटा व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। पट्टे का 30 वर्ष बाद इसका नवीनीकरण करवा सकते हैं। सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन की गई हैं। हर पात्र व्यक्ति को इसका लाभ मिले। ये हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ ले सकेंगे।
Tags
बुरहानपुर समाचार